प्रधानमंत्री मोदी 22 को वाराणसी के दौरे पर, सुरक्षा चाक-चौबंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (22 दिसंबर) को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आएंगे और यहां चार घंटे 35 मिनट के ठहराव के दौरान वह कुल चार योजनाओं की आधारशिला रखने के साथ एक योजना का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, वह डीरेका में भारतीय जनता पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय से जिला प्रशासन को प्राप्त प्रोटोकाल में यह जानकारी दी गयी है। अपर जिला अधिकारी :प्रोटोकाल: विद्या शंकर सिंह ने बताया कि प्रधानमत्री गुरुवार को वायुसेना के विमान से पूर्वाह्न 10.35 बजे बाबतपुर हवाईअड्डे पर उतरेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से 11 बजे बीएचयू हेलीपैड पहुंचेंगे। सिंह के अनुसार प्रधानमंत्री बीएचयू के स्वतंत्रता भवन सभागार पहुंचेंगे। वहां वह सर सुंदर लाल अस्पताल के अंग के रूप में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर सेंटर के साथ अत्याधुनिक शताब्दी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, आईएमएस बीएचयू की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरुवार को के वाराणसी दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। शीर्ष पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री पांच स्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे। यह घेरा एसपीजी, एनएसजी कमांडो, खुफिया एजेंसियां, पारामिलिट्री फोर्स और पुलिस-पीएसी का होगा। पीएम के दौरे के निमित्त बाबतपुर से डीरेका व बीएचयू तक नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। पीएम की फ्लीट के निर्धारित रूट और आयोजन स्थलों पर डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट की ओर से तीन बार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फ्लीट के निर्धारित रूट के दोनों तरफ और डिवाइडर कट्स के बीच बैरिकेडिंग कर दी गयी है। कल पूर्वाह्न दस बजे से प्रधानमंत्री की वापसी तक शहर में रूट डायवर्जन भी किया जाएगा।

No comments:
Write comments