मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश,बेटियों से छेड़छाड़ करने वालों को तत्काल गिरफ्तार करें
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नये वर्ष में पुलिस प्रशासन को सभी प्रकार के माफिया का सफाया करने का लक्ष्य देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए पुलिस प्रशासन का प्रभावी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था विकास के लिए अनिवार्य शर्त है। श्री चौहान आज यहाँ पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उच्च-स्तरीय बैठक में नये साल की प्राथमिकताओं और लक्ष्यों पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को नववर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रत्येक जिले में गणमान्य नागरिकों के साथ माह में एक बार कानून-व्यवस्था के संबंध में चर्चा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे पुलिस को भरपूर सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिये एस.पी., आई.जी. और डी.आई.जी. के बीच समन्वय होना चाहिए। उन्होंने फील्ड में पदस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी प्रकार के अपराधों, संगठित अपराधों, माफियाओं की सूची बनायें और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अभियान चलाये। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी भी प्रकार से माफिया को समर्थन देने में लिप्त हैं उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंश्री चौहान ने बेटियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले गुण्डा तत्वों को गिरफ्तार करें और उनके विरूद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून लागू करने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को ऐसे कानून का मसौदा तैयार करने के निर्देश दिए। महिलाओं के विरूद्ध अपराधों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए बैतूल जिले में चलायी गयी “समर्थ संगिनी” जैसी पहल को अन्य जिलों में संचालित करने को कहा। बेटियों की खरीद-फरोख्त से जुड़े गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल करने के लिए ग्वालियर पुलिस की प्रशंसा की। उन्होंने हथियारों की खरीदी-बिक्री से जुड़े गिरोह को पकड़ने में रतलाम पुलिस की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में ऐसे गिरोहों पर नजर रखें, जो बेटियों की खरीद-फरोख्त का घिनौना काम कर रहा है।मुख्यमंत्री ने वर्ष 2016 में बेहतर कानून-व्यवस्था एवं पुलिस की उपलब्धियों की सराहना करते हुए नए वर्ष की प्राथमिकताएँ बतायीं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की पुलिस अन्य राज्यों की तुलना में सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने सिंहस्थ में मानवीय दृष्टिकोण के साथ काम करने पर पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन की भूरि-भूरि सराहना की। उन्होंने कहा कि सिमी का नेटवर्क ध्वस्त हो गया है और नक्सलवादी गतिविधियों पर पूरी तरह से नियंत्रण है ।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश साम्प्रदायिक सदभाव और शांति के लिए जाना जाता है। इसे बनाये रखने के लिए पुलिस प्रशासन सभी संबंधित वर्गों के साथ संवाद करे और उसके बाद यथोचित कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि जन-प्रतिनिधियों के साथ संवाद से भी कानून व्यवस्था की समस्याएँ हल करने में मदद मिलती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ जिलों में ऐसे समूहों के काम करने की सूचना मिली है जो निर्दोष लोगों को सरकार और सरकारी तंत्र के खिलाफ भड़का रहे हैं और उनमें नक्सलवादी गतिविधियों की तरफ रूझान पैदा कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे समूहों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

No comments:
Write comments